सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किए गए 800 मॉडिफाइड साइलेंसर

सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किए गए 800 मॉडिफाइड साइलेंसर

अम्बिकापुर। दोपहिया वाहनों में तेज और पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने पूर्व में जब्त किए गए करीब 800 अवैध साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में रोड रोलर चलवाकर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने वाहन चालकों के साथ ऑटो पार्ट्स दुकानदारों, मैकेनिकों और गैरेज संचालकों को भी नियमों का पालन करने का संदेश दिया है।

पुलिस के अनुसार, बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में कंपनी के मूल साइलेंसर को हटाकर तेज आवाज करने वाले साइलेंसर लगाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस और विभिन्न थानों की टीमों ने बीते कुछ महीनों में ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जब्त किए गए थे।

दुकानदारों और मैकेनिकों को भी चेतावनी

सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन निर्माता द्वारा निर्धारित मूल साइलेंसर में अनधिकृत बदलाव करना मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन हो सकता है। ऐसे मामलों में वाहन चालकों के विरुद्ध समन शुल्क की कार्रवाई करने के साथ प्रकरण न्यायालय में भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

पुलिस ने ऑटो पार्ट्स दुकानदारों, मैकेनिकों और गैरेज संचालकों को चेतावनी दी है कि वे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर की बिक्री न करें और न ही वाहनों में इन्हें लगाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। तेज एवं कर्कश आवाज करने वाले साइलेंसरों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने