लखनपुर में सरगुजा ओलंपिक का समापन, 2270 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

लखनपुर में सरगुजा ओलंपिक का समापन, 2270 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक प्रबोध मिंज ने विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत


लखनपुर, आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता का समापन शनिवार को पीएमश्री सेजस विद्यालय परिसर में हुआ। समापन समारोह में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए कुल 15,567 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि 2,270 से अधिक खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के निर्देशन और मार्गदर्शन में प्रतियोगिता आयोजित की गई। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

खेल अनुशासन और आत्मविश्वास का माध्यम : राजेश अग्रवाल

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से शारीरिक ऊर्जा के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से सीख लेकर दोबारा प्रयास करना ही खिलाड़ी की असली पहचान है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि विधायक श्री प्रबोध मिंज ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने दौड़, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल विधाओं का उल्लेख करते हुए सरगुजा संभाग में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान

सरगुजा ओलंपिक की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। घोषित परिणामों के अनुसार बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हितेश कुमार ने प्रथम, सचिन कुमार ने द्वितीय और कृष्णकांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 मीटर दौड़ में अंकुर कुशवाहा प्रथम, अमन राजवाड़े द्वितीय और मनीष कुमार तृतीय रहे। वहीं 400 मीटर दौड़ में सतीश सिंह ने पहला, साहिल राजवाड़े ने दूसरा और दिव्यांश सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।

बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में बिंदु सिंह प्रथम, अंजली राजवाड़े द्वितीय और साधना तृतीय स्थान पर रहीं। महिला सीनियर वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में पांडी की टीम ने पहला और शिरकोनगा की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अन्य खेल स्पर्धाओं और रिले दौड़ के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

8 अक्टूबर को हुआ था प्रतियोगिता का शुभारंभ

तीन दिवसीय खेल आयोजन की शुरुआत 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में हुई थी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं मंत्री प्रतिनिधि श्री विजय अग्रवाल तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया था।

पहले दिन 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, चक्का फेंक, 4×100 मीटर रिले दौड़ और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला-पुरुष तथा सीनियर-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में आयोजन की जानकारी दी। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री ने आभार व्यक्त किया।

समारोह में तहसीलदार श्री अमन चतुर्वेदी, पूर्व बीईओ एवं वरिष्ठ भाजपा सदस्य श्री सुरेश जायसवाल, श्री राजेंद्र जायसवाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, जनपद सदस्य श्रीमती नीतू झरिया एवं श्रीमती रजनी पैंकरा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दिनेश साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री राकेश साहू, मंडल अध्यक्ष श्री यतेन्द्र पांडेय एवं श्री रवि महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अतिथि मौजूद रहे।

आयोजन में एबीओ श्री आलोक सिंह, बीआरसी श्री द्वीपेश पाण्डेय तथा संकुल समन्वयक श्री ओम प्रकाश कुर्रे एवं श्री दीपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन एबीपी फेलो सुश्री शुभिता शुक्ला एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह ने किया। समारोह में शिक्षक, सचिव, सरपंच, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।

सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से लखनपुर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने