लखनपुर, कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिताओं का आयोजन जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में किया जा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य एवं मंत्री प्रतिनिधि श्री विजय अग्रवाल तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, चक्का फेंक, 4×100 मीटर रिले दौड़ तथा वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
महिला एवं पुरुष वर्ग के साथ-साथ सीनियर एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से खेल भावना का परिचय दिया।
खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ ग्रामीण एवं आकांक्षी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने लखनपुर क्षेत्र के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सरगुजा ओलंपिक की प्रतियोगिताएँ 10 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेंगी। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्री यतेन्द्र पांडेय, श्री चक्रभान राजवाड़े, श्री गोविंद (सरपंच, पुहपुटरा), श्री मोहरलाल राजवाड़े, श्री विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि उपस्थित रहे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा श्री देव सिंह पैकरा, सचिव, सरपंच, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।



