अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सड़क गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर ने महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क पर बी.टी. पैच मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान विभागीय समीक्षा बैठक में सड़कों की स्थिति सुधारने, गड्ढों की शीघ्र मरम्मत करने और आम नागरिकों को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। निर्देश के परिपालन में लोक निर्माण विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू की है।
3 करोड़ रुपये की स्वीकृति
लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर को वित्तीय वर्ष 2026-27 में वार्षिक संधारण मद से सड़क मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से संभाग अंतर्गत विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा।
दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य
विभाग ने वार्षिक संधारण मद के तहत करीब 150 किलोमीटर लंबाई वाले विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बी.टी. पैच कार्य के माध्यम से दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा है। सड़क मरम्मत कार्य दिसंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
महामाया चौक से लरंग साय चौक तक चल रहा बी.टी. पैच कार्य इसी अभियान का हिस्सा है। कार्य पूर्ण होने के बाद वाहन चालकों और आम नागरिकों को गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलने तथा आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
