यूसीसी पर अम्बिकापुर में समूह चर्चा, एक हजार से अधिक लोगों ने रखे विचार

यूसीसी पर अम्बिकापुर में समूह चर्चा, एक हजार से अधिक लोगों ने रखे विचार

 अम्बिकापुर। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर समाज के विभिन्न वर्गों के सुझाव जानने के लिए गुरुवार को शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समूह चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें सरगुजा संभाग के पांच जिलों से एक हजार से अधिक नागरिकों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समिति ने कहा कि प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर यूसीसी से संबंधित ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक में विवाह एवं तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं विरासत तथा लिव-इन संबंध जैसे विषयों पर चर्चा हुई। राजनीतिक दलों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों तथा अन्य वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव समिति के समक्ष रखे। सुझाव लिखित और मौखिक, दोनों माध्यमों से दिए गए।

यूसीसी समिति के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार, सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह, समिति के सचिव एवं रायपुर संभागायुक्त श्याम लाल धावड़े तथा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से समान नागरिक संहिता और समिति की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। समिति के सदस्यों ने प्रतिनिधियों के सवालों और सुझावों को सुना तथा उन्हें संकलित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

ऑनलाइन भी दे सकते हैं सुझाव

समिति ने बताया कि नागरिक और संगठन वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in या ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in के माध्यम से भी अपने सुझाव और अभिमत भेज सकते हैं।

बैठक में सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और कोरिया जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें विभिन्न आदिवासी, सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि भी शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने