अंबिकापुर। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने ली। परेड के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन तथा टर्नआउट का निरीक्षण किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
परेड में अधिकारियों और कर्मचारियों की टुकड़ियों ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट और परेड प्रदर्शन करने वालों को इनाम दिए गए। जवानों के कल्याण के लिए रक्षित केंद्र में संचालित पुलिस यूनिट बैंक के माध्यम से जरूरत के समय कर्मचारियों को सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के बीच बेहतर छवि बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य, फिटनेस और अनुशासन के लिए जनरल परेड नियमित रूप से आयोजित की जा रही है। शुक्रवार की परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, सुरेश भगत और जे.पी. भारतेन्दु, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित थाना-चौकी एवं कार्यालयों के कुल 183 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
