अंबिकापुर। गांधीनगर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, कुंभीडांड वाड्रफनगर निवासी एवं वर्तमान में सिंह कॉलोनी तुर्रापानी में रहने वाले रोहित सिंह ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता के नाम पर पंजीकृत स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी/29/एजी/3079 को सिंह कॉलोनी तुर्रापानी परिसर में खड़ा किया गया था। 18 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी कर ले गया। मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 594/2026 के तहत धारा 305(बी) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही सुशील शांडिल्य को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अभिषेक सोनी के साथ मिलकर 19 सितंबर को सिंह कॉलोनी से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद आरोपियों ने उसे सुभाषनगर क्षेत्र में छिपा दिया था और नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी।
पूछताछ में सुशील शांडिल्य ने सुभाषनगर के राधे निवास के पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी/15/डीडब्ल्यू/3084 चोरी कर छिपाने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी अभिषेक सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील शांडिल्य, पिता सधवन शांडिल्य, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी धंधापुर रेवतपुर, थाना राजपुर तथा वर्तमान निवासी नमनाकला पुरानी पानी टंकी के पास, थाना गांधीनगर और अभिषेक सोनी, पिता जवाहर सोनी, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाषनगर, अंबिका विद्या निकेतन स्कूल के पास, थाना गांधीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, सुशील शांडिल्य के विरुद्ध पहले से कोतवाली और गांधीनगर थानों में अपराध दर्ज हैं। सुभाषनगर में हुई दूसरी बाइक चोरी के मामले में भी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सोनवानी तथा आरक्षक राहुल सिंह और रमन मंडल की भूमिका रही।
