अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने ऑपरेशन क्लीन के तहत सीतापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप के साथ पकड़ा है। जब्त नशीले पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 6 लाख रुपये बताया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम रविवार को सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास एक व्यक्ति बोरी लेकर खड़ा दिखाई दिया। सरकारी वाहन को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय विश्वकर्मा, निवासी सीतापुर बताया। बोरी की तलाशी लेने पर नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद हुए।
बरामद नशीले पदार्थ
| नशीला पदार्थ | बरामद मात्रा |
|---|---|
| स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल | 14,144 नग |
| नाइट्रोसम 10 टैबलेट | 880 नग |
| अल्प्रासेन टैबलेट | 1,110 नग |
| ओनेरेक्स कफ सिरप | 20 नग |
आबकारी विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब्त माल कथित रूप से सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता का है और वह उसके साथ कारोबार करता है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह गढ़वा से अनमोल गुप्ता के लिए नशीले पदार्थ लेकर आता था। विभाग इस संबंध में आगे जांच कर रहा है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत यह बड़ी कार्रवाई है। सीतापुर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह, दीपक पांडे, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की भूमिका रही।
