अंबिकापुर। नवरात्रि के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अंबिकापुर में चैतन्य देवियों की झांकी का दीप प्रज्वलन और आरती के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका विद्या दीदी ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य के भीतर के विकारों और आसुरी संस्कारों को दूर करने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने लोगों से देवियों के दिव्य गुणों को जीवन में अपनाकर परिवार में सुख और शांति बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों रहे। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश बघेल, उप निरीक्षक अभय तिवारी, समाजसेविका वंदना दत्ता, समाजसेवी अजय तिवारी, मंगल पाण्डेय, अमृत लाल प्रधान, शिल्पा पाण्डेय, हिना खान, संतोष कुमार विश्वकर्मा, निशा बहन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। शिल्पा पाण्डेय ने झांकी को शांति और सकारात्मकता का अनुभव कराने वाला बताया। वंदना दत्ता ने देवी स्वरूप के गुण अपनाने तथा मंगल पाण्डेय ने अवगुणों को त्यागकर श्रेष्ठ संस्कार धारण करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रेखा बहन, अजय तिवारी और उनके समूह ने देवी भजनों की प्रस्तुति दी। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना की।
झांकी के दर्शन 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 से रात 10 बजे तक किए जा सकेंगे।
