वीबी-जी रामजी यूथ डिजिटल कैंपेन: ‘माई विलेज चैलेंज’ के तहत शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता, लोगो डिजाइन पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार

वीबी-जी रामजी यूथ डिजिटल कैंपेन: ‘माई विलेज चैलेंज’ के तहत शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता, लोगो डिजाइन पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार

अम्बिकापुर,  केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा युवाओं को ग्रामीण विकास और आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी “वीबी-जी रामजी यूथ डिजिटल कैंपेन” शुरू किया गया है। यह अभियान MY Bharat Portal के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे।

अभियान के अंतर्गत “माई विलेज चैलेंज (My Village Challenge)” नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड का वीडियो तैयार कर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वीडियो की अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन में अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।

इसी क्रम में MY Bharat Portal पर विकसित भारत-जी रामजी अधिनियम से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा MyGov Portal पर “विकसित भारत-जी रामजी एक्ट, 2025” के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा लोगो चुनना है जो अधिनियम के तहत समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शा सके।

सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। चयनित लोगो के सभी बौद्धिक संपदा अधिकार भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के पास रहेंगे।

लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा MY Bharat Portal तथा MyGov Portal के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने