अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुई 5 लाख रुपये की चोरी के मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी 5 लाख रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पूरे मामले का खुलासा डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने किया।
घर के नौकर ने रची थी चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार जवाहर मार्केट कॉलोनी निवासी सुभाष अग्रवाल 11 जुलाई को अपने परिवार और दोस्तों के साथ कोरबा गए थे। घर की देखरेख के लिए नौकर ईश्वर यादव को घर पर छोड़ा गया था।
रात करीब 3:30 बजे पड़ोसियों ने सुभाष अग्रवाल को सूचना दी कि ईश्वर यादव बंधन मुक्त होकर उनके घर पहुंचा है और उसने दावा किया कि अज्ञात लोगों ने उसके हाथ-पैर बांधकर घर में चोरी कर ली है। जब परिवार वापस अंबिकापुर पहुंचा तो घर की अलमारी टूटी मिली और तिजोरी से 5 लाख रुपये गायब थे। इसके आधार पर थाना गांधीनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुली साजिश की परतें
जांच के दौरान पुलिस ने घर में काम करने वाले ईश्वर यादव और ड्राइवर संदीप कुमार साहू से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी अनुराग दास और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले से ही परिवार के घर से बाहर जाने का इंतजार किया था। मौका मिलते ही सभी ने मिलकर घर में चोरी की और बाद में शक से बचने के लिए ईश्वर यादव ने खुद के हाथ-पैर बांधकर अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी किए जाने की झूठी कहानी गढ़ दी।
₹5 लाख नकद और बाइक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डाइट परिसर के पीछे बाउंड्री वॉल के पास छिपाकर रखे बैग से चोरी की पूरी 5 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-15-EB-0739) भी जब्त की गई।
पुलिस ने इस मामले में ईश्वर यादव, संदीप कुमार साहू और अनुराग दास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
एसएसपी के निर्देशन में हुई त्वरित कार्रवाई
सरगुजा पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित थाना एवं साइबर सेल के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
अंबिकापुर