लखनपुर के जमगवा संकुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

लखनपुर के जमगवा संकुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत



लखनपुर (सरगुजा)। विकासखंड लखनपुर के संकुल केंद्र जमगवा में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करना, उन्हें विद्यालयीन वातावरण से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल प्राचार्य रमेश सिंह के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सरगुजा के उपाध्यक्ष देव नारायण यादव, जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष शशिकला सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष चन्द्रिका यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े तथा जनपद सदस्य मनोज एक्का उपस्थित रहे।


अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं स्कूल ड्रेस का भी वितरण किया गया।

संकुल प्राचार्य रमेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि "शाला प्रवेश उत्सव केवल बच्चों के विद्यालय में प्रवेश का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का पर्व है।" उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा नैतिक मूल्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा किए गए स्वागत एवं बच्चों के लिए तैयार किए गए सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की सराहना की।

इस अवसर पर सीएसी महेश कुशवाहा, अंजनी कुमार सिंह, मंच संचालक मनोज सिंह, टी.पी. झरिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधान पाठक, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने