अम्बिकापुर। प्रशासन की संयुक्त टीम जब खरसिया चौक स्थित अरुण ट्रेडर्स परिसर में जांच के लिए पहुंची तो वहां अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय परिसर में खड़े एक ट्रक में बड़ी मात्रा में चावल लोड किया जा रहा था। प्रशासनिक अमले को परिसर में प्रवेश करते देख वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान के संचालक अरुण बंसल टीम के पहुंचने की भनक लगते ही गोदाम में ताला लगाकर मौके से चले गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान और गोदाम को सील कर दिया तथा ट्रक में लदे चावल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों ने मौके से मिले खाद्यान्न, परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों को भी जांच के दायरे में लिया है। प्रारंभिक जांच में बरामद चावल के स्रोत और उसकी वैधता की पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में यह साबित होता है कि जब्त खाद्यान्न सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में पीडीएस चावल के कथित अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
अम्बिकापुर