अंबिकापुर। वासेपुर गैंगस्टर कनेक्शन मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर शब्बीर आलम को फरार होने में कथित मदद करने के आरोप में राजहंस बस संचालक बैदुल के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग (आरटीओ) ने राजहंस बसों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरटीओ विभाग ने राजहंस बस संचालक की सभी बसों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और आरटीओ की टीमें बसों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बैदुल को गैंगस्टर शब्बीर आलम का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इधर, मामले की जांच के सिलसिले में झारखंड पुलिस भी अंबिकापुर पहुंची है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वासेपुर से जुड़े गैंगस्टर शाकिब अफज़ल कथित तौर पर पिछले करीब 15 वर्षों से पहचान बदलकर अंबिकापुर में रह रहा था। उसके खिलाफ झारखंड में हत्या, लूट और AK-47 से हमले जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में स्थानीय सहयोगियों, संभावित नेटवर्क और फरारी में मदद करने वाले लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।