सड़कों पर 'मौत का खेल'! स्टंटबाज बाइकर्स की मनमानी, पुलिस कार्रवाई की उठी मांग

सड़कों पर 'मौत का खेल'! स्टंटबाज बाइकर्स की मनमानी, पुलिस कार्रवाई की उठी मांग

 


अंबिकापुर। शहर में स्टंटबाज बाइकर्स का आतंक एक बार फिर लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। बुधवार शाम मणिपुर थाना क्षेत्र के साड़बार मंदिर मार्ग पर एक युवक तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट करता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बेखौफ होकर बाइक लहराते हुए अपनी ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंटबाजों पर पहले पुलिस द्वारा सख्ती की जाती थी, लेकिन कुछ मामलों में पुलिस कार्रवाई को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रस्तुत कर उसकी आलोचना की गई। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई अपेक्षाकृत धीमी पड़ती दिखाई दे रही है, जिससे असामाजिक तत्वों और स्टंटबाज युवकों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बिना किसी दबाव के ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की सड़कों पर आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।

लोगों का मानना है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में कानून का समान रूप से पालन कराया जाना आवश्यक है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने