अंबिकापुर, 19 जुलाई 2025।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजीव भवन से घड़ी चौक तक रैली निकालकर कार्यकर्ताओं ने ईडी का पुतला दहन किया।
ज्ञात हो कि 18 जुलाई को चैतन्य बघेल को ईडी ने उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया था। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वे विधानसभा में अडानी द्वारा छत्तीसगढ़ के जंगलों की कटाई का मुद्दा उठाने वाले थे। इसी आवाज को दबाने के लिए केंद्र सरकार के इशारे पर यह कार्रवाई की गई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके विरोध में प्रदेशव्यापी पुतला दहन का आह्वान किया था। सरगुजा में आयोजित विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि ईडी की कार्रवाई अडानी के इशारे पर हुई है। उन्होंने कहा कि यह दमनकारी कार्रवाई कांग्रेस को न झुका सकती है न रोक सकती है। कांग्रेस अब इस संघर्ष को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय अग्रवाल, डॉ. अजय तिर्की, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेन्द्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, नुरूल अमीन सिद्दीकी, सत्येंद्र तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, इरफान सिद्दीकी, संजय विश्वकर्मा, राशिद अहमद अंसारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।