अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी श्री सुखदेव भगत अपने दो दिवसीय सरगुजा संभागीय दौरे पर बुधवार को अंबिकापुर पहुंचे। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करने के बाद उन्होंने सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक ली। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्री सुखदेव भगत ने 16 नवंबर से जशपुर जिले से अपने दौरे की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने सरगुजा एवं सूरजपुर जिले के विभिन्न गांवों में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित किया। अपने दौरे के दौरान वे ग्राम साल्ही भी पहुंचे, जहां उन्होंने परसा-केंते कोयला परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की।
भाजपा सरकार के कामकाज पर उठाए सवाल
राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के क्षेत्र से अपने दौरे की शुरुआत की और इस दौरान उन्हें जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की कमी दिखाई दी। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के कामकाज को नंबर देने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार का कामकाज नंबर देने योग्य नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनता के बजाय कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन का मुद्दा कांग्रेस के लिए केवल नारा नहीं, बल्कि आम जनता के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता है।
प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस के सभी नेता केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों के समर्थन में एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में विचारों का लोकतंत्र और आंतरिक लोकतंत्र है।
आदिवासी हितों और खनन परियोजनाओं को लेकर सरकार पर आरोप
प्रदेश प्रभारी ने भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों के दमन का आरोप लगाते हुए कहा कि कॉरपोरेट हितों के लिए आदिवासियों की जमीनों पर फर्जी जनसभाओं और जबरन तरीकों से कब्जा कर कोयला खदानें खुलवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में प्रदेश के आदिवासी हितों को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्रों में नए खदान नहीं खोलने का संकल्प पारित किया था। उनके अनुसार, विष्णुदेव साय सरकार ने इस निर्णय की भावना के विपरीत कार्य किया है।
राजीव भवन में कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का संदेश
प्रेसवार्ता के बाद आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। उन्होंने चुनाव आयोग का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मताधिकार को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान के शासन की स्थापना के उद्देश्य से कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान शुरू किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।
उन्होंने संगठनात्मक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब संगठन में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और उनके द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ने का आधार बनाया जाएगा।
दीपक बैज बोले- बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे वोट चोरी और जनहित के मुद्दे
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंडल और बूथ स्तर पर चौपाल आयोजित कर आम लोगों तक कथित वोट चोरी के मुद्दे के साथ महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और धान खरीदी में अनियमितताओं जैसे विषयों को पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से इन मुद्दों पर जनता के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत किया जाएगा।
चरणदास महंत ने मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष की बात कही
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री चरणदास महंत ने अपने संबोधन में देश की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष से जुड़े बुजुर्गों ने मताधिकार के महत्व को समझा था। आज उसी वोट के अधिकार की चोरी किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़कों पर संघर्ष कर रही है।
टी.एस. सिंहदेव ने राशन कार्ड, बिजली बिल और धान खरीदी का मुद्दा उठाया
पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने अपने संबोधन में प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राशन कार्ड विलोपित होने, बढ़े हुए बिजली बिल और धान खरीदी में कथित मनमानी जैसे विषयों पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग के नाम पर हितग्राहियों और किसानों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय डिजिटलीकरण के नाम पर बड़ी संख्या में राशन कार्ड हितग्राहियों को राशन से वंचित होना पड़ा।
श्री सिंहदेव ने एग्रीस्टैक पंजीयन के दौरान किसानों के रकबे शून्य घोषित होने और उन्हें अपात्र किए जाने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं पर भारी बिजली बिल का बोझ पड़ने का आरोप लगाया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
राजीव भवन में आयोजित विस्तारित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट एवं विभिन्न स्तरों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की गई।


