सरगुजा। वन विभाग की निगरानी और रेस्क्यू अभियान के बावजूद कबरा हाथी का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, 18 हाथियों का दल दो हिस्सों में बंट गया है। रामगढ़ पर्वत से लेकर लक्ष्मणगढ़ बीट तक हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घने जंगल में हाथियों की तलाश के लिए लगाया गया ड्रोन भी कारगर साबित नहीं हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को सुखरीभंडार के कुसुवामुड़ा के पास सड़ी-गली अवस्था में एक हथिनी का शव बरामद हुआ था। इसी दौरान एक भालू की भी करंट लगने से मौत का मामला सामने आया था। हथिनी के शव को दफनाने के बाद कबरा हाथी बलरामपुर और सूरजपुर होते हुए सरगुजा पहुंचा। इस दौरान हाथियों के हमले में 19 लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। इसके बाद कबरा हाथी कर्मकट्टा जंगल से होते हुए कुसुवामुड़ा पहुंच गया।
इधर, चकेरी की ओर से 17 हाथियों का दल भी कुसुवामुड़ा के जंगल में पहुंच गया। कबरा हाथी को पकड़ने के लिए प्रशासनिक और वन विभाग की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ सायर जंगल में पहुंची। लगातार दो दिनों तक सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और कबरा को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वन विभाग को सफलता नहीं मिली।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी दौरान 17 हाथियों के दल ने जंगल में रातभर चिंघाड़कर आपसी रस्म पूरी की और कबरा को दल का सरदार बना लिया। हालांकि, अब हाथियों का झुंड दो अलग-अलग समूहों में बंट गया है। रामगढ़ पर्वत के आसपास से लेकर लक्ष्मणगढ़ बीट तक दोनों समूहों की गतिविधियां देखी जा रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों समूहों में अलग-अलग सरदार हैं।
वर्तमान में सेमीघोघरा, तेंदूटिकरा, सरमा और रामगढ़ पर्वत के आसपास हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, लेकिन घने जंगल और ड्रोन के काम नहीं करने के कारण हाथियों की सटीक लोकेशन पता लगाने में परेशानी हो रही है।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का दल दो हिस्सों में विचरण कर रहा है। जंगल घना होने के कारण ड्रोन से भी निगरानी में दिक्कत आ रही है। विभाग का कहना है कि कोई नई जानकारी मिलने पर ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा।
ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल
लगातार हाथियों की आवाजाही और पूर्व में हुई जनहानि को देखते हुए ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती कबरा हाथी की लोकेशन पता लगाने, दोनों समूहों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।
