सीतापुर (सरगुजा)। अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगारी के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि, दुर्घटना में फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन तेज रफ्तार में अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान ग्राम मंगारी के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे स्कॉर्पियो बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग अंदर फंस गए।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ मिलकर काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीतापुर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगारी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की है।
