रामगढ़/उदयपुर (सरगुजा)। सरगुजा और सूरजपुर वन विभाग के लिए चुनौती बना कबरा हाथी आखिरकार छह दिनों की लगातार मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया गया। रामगढ़ पहाड़ी के दुर्गम जंगलों में चलाए गए इस चुनौतीपूर्ण अभियान में वन विभाग की संयुक्त टीम को सफलता मिली। बुधवार को 17 हाथियों के दल से कबरा हाथी को अलग कर ट्रेंकुलाइज किया गया। इसके बाद उसके पैर में बेड़ी पहनाई गई और हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाकर उसे जंगल में ही छोड़ दिया गया।
अब रेडियो कॉलर मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। वन विभाग की टीम आगामी तीन दिनों तक उसके व्यवहार और गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण करेगी। इसके बाद उसकी स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पार्वती गुफा के आसपास जंगल में विचरण कर रहा था कबरा
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी पिछले कई दिनों से 17 हाथियों के दल के साथ सुखरीभंडार, कुशवामुड़ा, आमा डुग्गू, चकेरी, बेलढाब और बंगारू होते हुए रामगढ़ पहाड़ी के पार्वती गुफा के आसपास जंगल में विचरण कर रहा था। उसे रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। इससे पहले भी कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन हाथियों के झुंड में रहने और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल पा रही थी।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ निर्णायक रेस्क्यू ऑपरेशन
बुधवार सुबह करीब 8 बजे वन विभाग की टीमों ने रामगढ़ की ऊंची और दुर्गम पहाड़ियों में मोर्चा संभाल लिया। उस समय कबरा हाथी अपने 17 हाथियों के दल के साथ पार्वती गुफा की ओर जंगल के भीतर मौजूद था।
कबरा को झुंड से अलग करने के लिए वन अमले ने पटाखों का सहारा लिया। अनुकूल मौका मिलते ही ट्रेंकुलाइजर विशेषज्ञों की टीम ने उसे डॉट (ट्रेंकुलाइजर इंजेक्शन) लगाया। इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी करीब 400 मीटर ऊंचाई पर स्थित घटनास्थल तक कठिन और जोखिम भरे रास्तों से पहुंचे।
अधिकारियों की निगरानी में कबरा हाथी के पैर में बेड़ी पहनाई गई और उसके बाद हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया। रेस्क्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाथी को जंगल में ही छोड़ दिया गया।
रेडियो कॉलर से होगी निगरानी, तीन दिन अहम
रेस्क्यू के बाद अब वन विभाग हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए कबरा हाथी की गतिविधियों पर नजर रखेगा। अगले तीन दिनों तक उसकी लोकेशन, व्यवहार और शारीरिक गतिविधियों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। निगरानी के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर वन विभाग आगे की रणनीति तैयार करेगा।
कबरा हाथी के हमलों में जा चुकी हैं कई लोगों की जान
विदित हो कि कबरा हाथी ने उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी गांव में एक बुजुर्ग महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। इसके अलावा भी इस हाथी के हमलों में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए शासन ने करीब एक सप्ताह पहले कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने का आदेश जारी किया था। इस अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल को सौंपी गई थी।
अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका
छह दिनों तक चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में रमकोला की रेस्क्यू टीम, गोपी के साथी तथा महावत हरीश और हाबिल की टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
पूरा अभियान सीसीएफ वन्यजीव डॉ. प्रणय मिश्रा, डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल एवं डिप्टी डायरेक्टर एलिफेंट रिजर्व सौरभ सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान में प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा, संतोष पाण्डेय (एसडीओ सूरजपुर), अर्पित राय (एसडीओ ओड़गी), सपना मुखर्जी (एसडीओ उदयपुर), संस्कृति बारले (एसडीओ प्रतापपुर), रेंजर फेकू प्रसाद चौबे, पूजा यादव, उत्तम मिश्रा, सुनीत साहू, रामनिवास दहायत, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, रामबिलास सिंह, शशिकांत सिंह, मलेश्वर पैकरा, यादनंद सिंह एवं अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ड्रोन निगरानी टीम में ऋतिक सोनी, राजाराम यादव, इंद्र प्रसाद पिपला, बसंत राम एवं आर्मो कुमार ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने में सहयोग किया।
वहीं वनरक्षक एवं मैदानी अमले से इग्नेश बैक, अमरनाथ राजवाड़े, नंदकुमार, राजू टोप्पो, राजेश राजवाड़े, पूरण राम, अमरनाथ, विष्णु सिंह, राजेश कुजूर, सहिस कपूर, अवधेश पुरी, बृजभान एवं भैयालाल तिर्की सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।
छह दिनों की मेहनत लाई रंग
रामगढ़ की दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में चलाया गया यह अभियान वन विभाग के अधिकारियों, रेस्क्यू विशेषज्ञों, महावतों और मैदानी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम रहा। छह दिनों की लगातार मेहनत के बाद मिली सफलता के बाद अब वन विभाग की प्राथमिकता कबरा हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखना है। आगामी तीन दिन उसके व्यवहार और गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

