अंबिकापुर कॉलेज में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार शुरू, जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य पर हुई चर्चा

अंबिकापुर कॉलेज में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार शुरू, जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य पर हुई चर्चा

 अंबिकापुर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में 18 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ हुआ। जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय सेमिनार में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वानों, प्राध्यापकों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन सत्र में जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, आदिवासी इतिहास को मुख्यधारा में स्थान देने तथा जनजातीय भाषाओं में उपलब्ध साहित्य को सुरक्षित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता तथा अतिविशिष्ट अतिथि एवं आधार वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और वरिष्ठ कवि-कथाकार डॉ. संजय अलंग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की।

उद्घाटन सत्र की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी सभ्यता और संस्कृति को बचाने के लिए उसे अपने जीवन और व्यवहार में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने शोधार्थियों एवं इतिहासकारों से अपील की कि वे इतिहास को आदिवासी दृष्टिकोण से देखें और उन ऐतिहासिक तथ्यों एवं नायकों को सामने लाएं, जिन्हें अब तक मुख्यधारा के इतिहास में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है।

विशिष्ट अतिथि श्री मनोज गुप्ता ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेते हुए आदिवासी नायकों को याद करना और उनके अधिकारों के पक्ष में खड़ा होना ही वास्तविक जनजातीय गौरव है।

वहीं आधार वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए डॉ. संजय अलंग ने कहा कि हम सभी की जड़ें अपनी मूल संस्कृति से जुड़ी हुई हैं। अपनी मूल संस्कृति का पालन करना और पारंपरिक जीवनशैली को अपनाना ही आदिवासी संस्कृति का आधार है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का है। यदि हमें अपनी जनजातीय संस्कृति और भारतीय संस्कृति को सुरक्षित रखना है, तो जनजातीय भाषाओं में संरक्षित साहित्य को समझने, डिकोड करने और उसका संरक्षण करने की तकनीक भी विकसित करनी होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक एवं समृद्ध करने वाले होते हैं, बल्कि शोध की नई दिशाओं की ओर भी प्रेरित करते हैं। स्वागत वक्तव्य अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एस.एन. पाण्डेय ने दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन श्री संजीव कुमार लकड़ा ने किया। विषय प्रवेश सेमिनार संयोजक श्री सुनील अजित कुमार केरकेट्टा ने कराया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रदीप कुमार एक्का ने किया।

तकनीकी सत्रों में शोधार्थियों ने प्रस्तुत किए शोध-पत्र

उद्घाटन सत्र के बाद प्रथम तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। इसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से आए डॉ. जनार्दन गोंड मुख्य वक्ता तथा प्रो. आर.पी. सिंह सत्राध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. जनार्दन गोंड ने जनजातीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने विभिन्न संघर्षों और लड़ाइयों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है तथा उसका इतिहास अत्यंत प्राचीन है। इस इतिहास को सामने लाना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रो. आर.पी. सिंह ने जनजातीय समाज के अंतर्विरोधों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान कई शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए।

द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता प्रो. सुषमा भगत ने की। इस सत्र में दस से अधिक शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। इसके साथ ही एक समानांतर ऑनलाइन सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े शोधार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। इस सत्र का संयोजन श्री विनीत गुप्त ने किया तथा अध्यक्षता डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने की।

दूसरे दिन होंगे विभिन्न विषयों पर सत्र और समापन समारोह

सेमिनार का दूसरा दिन 19 नवंबर 2026 को आयोजित होगा। इसमें जनजातीय साहित्य, जनजातीय गौरव के विविध आयामों पर चर्चा के साथ समापन सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस राष्ट्रीय सेमिनार में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं सहायक प्राध्यापक, विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापक, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने