अंबिकापुर। लुण्ड्रा थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में उनके द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया है। मामले में प्रयुक्त स्कूटी एवं मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 231/26, धारा 137(2)(1), 65(1) भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़िता का कथन दर्ज किया। इसके साथ ही घटना में शामिल संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक सहित चार लोगों को पकड़कर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक के अलावा सुनील कुमार नागेश, पिता गुडन राम, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम अगासी थाना लुण्ड्रा, मंगल राम, पिता भुलसी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम अगासी थाना लुण्ड्रा तथा शैलेन्द्र लकड़ा, पिता गंगा लकड़ा, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम अगासी थाना लुण्ड्रा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान विधि से संघर्षरत बालक सहित चारों के द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
विवेचना के दौरान विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं तीनों बालिग आरोपियों के विरुद्ध अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, प्रधान आरक्षक नारायण मिंज, महिला आरक्षक प्रेमा मरावी तथा आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान एवं धीरेन्द्र पैकरा की सक्रिय भूमिका रही।
