अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार, 7 अक्टूबर को अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता तथा गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला प्रभारी गोपाल साहू, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक राजकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने वंदेमातरम् गीत का सामूहिक गायन किया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव संदेश का श्रवण किया।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और सुशासन की यात्रा देश के विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। सेवा संकल्प अभियान जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है और भाजपा कार्यकर्ता संगठन एवं सेवा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
सभा के समापन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया बाइक पर सवार होकर भाजपा पदाधिकारियों और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल हुए। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू के नेतृत्व में निकली बाइक रैली कलाकेंद्र मैदान से महामाया चौक, जयस्तंभ चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, जेल रोड, नगर पालिका निगम एवं सेवा ज्योति चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची। यहां मानव रंगोली बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अन्य अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया, जबकि जिला मंत्री वैभव सिंहदेव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत सेवा संकल्प की शपथ दिलाई। अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, सहकारी बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


