अंबिकापुर। लुंड्रा पुलिस ने खेत से मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी लालू यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये मूल्य का एक मोटर पंप और एक सेट समरसिबल पंप जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत में लगा समरसिबल मोटर पंप अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर थाना लुंड्रा में अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 112 और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले एक संदेही सत्यनारायण को चोरी की मोटरसाइकिल और पंप के साथ पकड़ा था। उसका साथी लालू यादव उस समय मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी लालू यादव अपने गांव में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान लालू यादव, पिता नानसाय यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम तुरियाबीरा, थाना लुंड्रा के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी सत्यनारायण के साथ मिलकर मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखा गया एक मोटर पंप और एक समरसिबल पंप बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
