अम्बिकापुर, सरगुजा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और वितरण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 124 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा की गई।
खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर क्षेत्र में की गई जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से रखे गए सिलेंडर बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान –
-
तुलसी छत्तीसगढ़ गैस एजेंसी, उदयपुर से 115 सिलेंडर
-
गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग, नमनाकला से 03 सिलेंडर
-
प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप, दर्रीपारा से 06 सिलेंडर
जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 124 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा संबंधित प्रकरण में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। साथ ही राज्य स्तर पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, आपूर्ति और दैनिक आवश्यकता की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।