घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की खबरें अफवाह, 24 घंटे में घर पहुंच रहा सिलेंडर: जिला प्रशासन

घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की खबरें अफवाह, 24 घंटे में घर पहुंच रहा सिलेंडर: जिला प्रशासन

अम्बिकापुर,  जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित की जा रही खबरों को जिला प्रशासन ने भ्रामक और अफवाह बताया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

जिला प्रशासन ने बताया कि उपभोक्ता गैस एजेंसियों में लंबी कतार लगाने के बजाय घर बैठे ही डिजिटल माध्यमों से गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर, मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से बुकिंग कर होम डिलीवरी सेवा का लाभ आसानी से लिया जा सकता है।

उज्ज्वला हितग्राही को 24 घंटे में मिली होम डिलीवरी

अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र के मायापुर टनगनपारा निवासी और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की हितग्राही श्रीमती संजरी खातून ने बताया कि उन्होंने गैस सिलेंडर बुक करने के लिए गैस एजेंसी के टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल किया था। इसके बाद महज 24 घंटे के भीतर उनके घर पर सिलेंडर की होम डिलीवरी कर दी गई।

उनके पति श्री नैमुद्दीन अंसारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग प्रक्रिया में थोड़ी बाधा आई थी, लेकिन अब यह समस्या पूरी तरह से ठीक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को टोल फ्री नंबर पर कॉल कर बुकिंग की गई थी, जिसका तुरंत मोबाइल पर मैसेज प्राप्त हुआ और 16 मार्च को सिलेंडर घर पहुंच गया।

उपभोक्ताओं से अपील

गैस एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ता गैस एजेंसियों में भीड़ लगाने के बजाय टोल फ्री नंबर, मोबाइल या व्हाट्सएप के माध्यम से बुकिंग कर घर बैठे ही गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा का लाभ उठाएं।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राही परिवारों ने गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति और होम डिलीवरी की सुविधा के लिए शासन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने