स्कूटी से निकले उप मुख्यमंत्री, अंबिकापुर की सफाई और आवास व्यवस्था परखी

स्कूटी से निकले उप मुख्यमंत्री, अंबिकापुर की सफाई और आवास व्यवस्था परखी

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्वयं स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, केरसु तालाब, डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर तथा सुभाषनगर के प्रधानमंत्री आवास परिसर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार, नियमित मॉनिटरिंग और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता महसूस होने पर नगर निगम अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

493 प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत कर आवासीय सुविधाओं, समस्याओं और पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। श्री साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका वहां निवास सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई, आवश्यक नागरिक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन देखा

डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि शहर में लगभग 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा संग्रहण और उसके प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी हुई है।

सड़क निर्माण जल्द शुरू होगा

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को इन कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी आने से शहरवासियों को बेहतर सड़कें और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने