चार मरीजों में दो स्वस्थ होकर लौटे घर, दो का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी
अंबिकापुर। शहर में स्वाइन फ्लू के चार मरीजों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जानकारी के मुताबिक चारों मरीजों का रायपुर के मेकाहारा सहित अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि संक्रमित मरीज अंबिकापुर शहर के कोर्ट के पीछे, जेल परिसर के समीप, इसके अलावा बतौली और चठिरमा क्षेत्र के रहने वाले हैं। चार मरीजों में से दो मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं, जबकि दो मरीजों का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।
मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए आवश्यक स्वास्थ्यगत सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं। विभाग की टीमें मरीजों के साथ-साथ उनके संपर्क में आए लोगों की स्थिति पर भी नजर बनाए हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों के उपचार और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अलग रखने के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से सतर्कता बरतने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
मामले को लेकर जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।