- शहर की खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन किया गया।
- बारिश के बीच समाजसेवी संगठन के लोगों ने नारेबाजी की।
- प्रदर्शनकारियों ने तुरंत सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की।
- मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर बातचीत की।
- आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
अंबिकापुर शहर की बदहाल सड़कों को लेकर आज स्थानीय समाजसेवी संगठन के लोगों ने कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव कर दिया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत व निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे बारिश के दौरान आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वे लगातार सड़क सुधार की मांग पर अड़े रहे और शीघ्र कार्रवाई की बात कहते रहे।
जिस समय प्रदर्शन हो रहा था, उस वक्त मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। घेराव की जानकारी मिलने के बाद वे कुछ देर में अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे बातचीत की।
मंत्री ने लोगों को भरोसा दिया कि बारिश थमते ही सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की मौजूदा स्थिति को लेकर वे खुद भी चिंतित हैं और अब जल्द सुधार देखने को मिलेगा। बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शनकारियों के लिए चाय-पानी और लड्डू तथा आलू चाप की व्यवस्था भी कराई। उन्होंने प्रदर्शन के लिए पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। फिलहाल आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म हो गया है, लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर है कि बारिश के बाद काम कितनी तेजी से शुरू होता है।