विजयादशमी महोत्सव 2026 की तैयारियों को सरगुजा सेवा समिति ने दिया अंतिम रूप

विजयादशमी महोत्सव 2026 की तैयारियों को सरगुजा सेवा समिति ने दिया अंतिम रूप

 

अंबिकापुर। ऐतिहासिक विजयादशमी (दशहरा) महोत्सव 2026 के भव्य आयोजन को लेकर सरगुजा सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच दायित्वों का विभाजन किया गया तथा अलग-अलग व्यवस्था समितियों का गठन किया गया।

बैठक का संचालन सरगुजा सेवा समिति के महासचिव मधुसूदन शुक्ला ने किया। समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी केवल असत्य पर सत्य की विजय का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, जन-एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय समिति के कार्यकर्ताओं की निष्ठा, त्याग, परिश्रम और समाज के सभी वर्गों के सहयोग को दिया।

समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि सरगुजा सेवा समिति पिछले 35 वर्षों से विजयादशमी महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। उन्होंने कहा कि सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास एवं आपसी समन्वय से यह आयोजन आज सरगुगा संभाग के प्रमुख सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने जनसहयोग और अनुशासन को आयोजन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।


‘राम रूप सज्जा प्रतियोगिता’ की होगी पुनः शुरुआत

बैठक में समिति के उपाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों, मर्यादा और सनातन संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से पूर्व में आयोजित लोकप्रिय ‘राम रूप सज्जा प्रतियोगिता’ को पुनः शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रस्ताव का सर्वसम्मति से स्वागत किया।

विजयादशमी महोत्सव 2026 के प्रमुख कार्यक्रम

13 एवं 14 अक्टूबर 2026 — संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता
स्थान: सरस्वती शिशु मंदिर, देवीगंज रोड, अंबिकापुर
समय: प्रातः 10 बजे से सायं 8 बजे तक

14 अक्टूबर 2026 — संभाग स्तरीय ‘राम रूप सज्जा’ प्रतियोगिता
स्थान: सरस्वती शिशु मंदिर, देवीगंज रोड, अंबिकापुर
समय: प्रातः 10 बजे से सायं 8 बजे तक

16 अक्टूबर 2026 — संभाग स्तरीय स्थानीय लोक नृत्य प्रतियोगिता
इसमें पारंपरिक शैला, सुगा, करमा सहित विभिन्न लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
स्थान: कलाकेंद्र मैदान, अंबिकापुर

20 अक्टूबर 2026 — भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा एवं नयनाभिराम झांकी
प्रस्थान स्थल: भजनाश्रम राम मंदिर
समय: दोपहर 2 बजे से

ये रहे प्रमुख उपस्थित

बैठक में नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रशेखर तिवारी, ललन प्रताप सिंह, आलोक दुबे, राजकुमार बंसल, पार्षद मनीष सिंह, विद्यानंद मिश्रा, विशाल गोस्वामी, राजीव विश्वकर्मा, प्रयागराज साहू, राजेश कश्यप, पीयूष कुमार त्रिपाठी, महेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दीपक सोनी, सचिव आकाश गुप्ता, शुभम अग्रवाल, मधु चौदहा, जयंत जैन, दीपक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, नरेंद्र टुटेजा, राजेश सोनी, अनुराग शुक्ला, डी.के. सोनी, उमेश अग्रवाल, प्रिया सिंह, मनोज सोनी, मयंक जायसवाल, संजीव सेठ, वीर सोनी, शानू कश्यप, अमोघ कश्यप, अविनाश मंडल, अमन गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने