अम्बिकापुर, कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर, विकासखंड बतौली की छात्राओं द्वारा 07 सितम्बर 2026 को किए गए पैदल मार्च की घटना और विद्यालयीन समस्याओं की जांच के लिए प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया है। संयुक्त कलेक्टर, सरगुजा की अध्यक्षता में गठित समिति पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।
जांच के मद्देनजर विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को आगामी आदेश तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, अम्बिकापुर में कार्य करने के लिए संलग्न किया गया है। वहीं सुश्री प्रतीक्षा त्रिपाठी, पीजीटी (अंग्रेजी) को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर के प्राचार्य पद के दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में श्री अरविन्द अशोक तिग्गा, पीजीटी (हिन्दी) को उनके मूल पदस्थापना स्थल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपाट के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
विद्यालय की छात्रावास अधीक्षक सुश्री आयुषी सोनी को
शासकीय कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उनसे मामले में जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।
प्रशासन ने विद्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। अब विद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद ही सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा उठाए गए इन कदमों के बाद अब जांच समिति की रिपोर्ट पर सभी की नजरें रहेंगी। समिति की जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
.gif)