ग्राम सभा में फोटो खींचने को लेकर हंगामा, रेंजर पर मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की का आरोप

ग्राम सभा में फोटो खींचने को लेकर हंगामा, रेंजर पर मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की का आरोप

उदयपुर, सरगुजा। सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मानपुर में शुक्रवार को आयोजित सार्वजनिक ग्राम सभा उस समय विवादों में आ गई, जब ग्राम सभा के दौरान फोटो खींचने को लेकर कथित तौर पर वन विभाग के रेंजर और एक ग्रामीण के बीच विवाद हो गया। मामले में ग्राम मानपुर निवासी युवराज कुमार यादव ने थाना उदयपुर में लिखित शिकायत देकर उदयपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) फेंकू चौबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:29 बजे ग्राम मानपुर के पंचायत भवन में सार्वजनिक ग्राम सभा चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा ग्राम सभा की फोटो खींची जा रही थी। आरोप है कि इसी बीच रेंजर फेंकू चौबे ने फोटो खींच रहे व्यक्ति का मोबाइल फोन कथित तौर पर जबरन छीन लिया और अपने पास रख लिया।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि मोबाइल लेने के दौरान रेंजर द्वारा संबंधित व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के बाद ग्राम सभा में कुछ समय के लिए तनाव और हंगामे की स्थिति निर्मित होने की बात शिकायत में कही गई है।

शिकायतकर्ता युवराज कुमार यादव ने थाना प्रभारी उदयपुर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से छीना गया मोबाइल वापस दिलाने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि मामले से संबंधित आवश्यक साक्ष्य और गवाह जांच के दौरान उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

फिलहाल मामले में वन विभाग या रेंजर फेंकू चौबे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच करती है या नहीं और आगे क्या कार्रवाई होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने