थाना सीतापुर के एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

थाना सीतापुर के एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, ओडिशा में 10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

सीतापुर/अंबिकापुर। थाना सीतापुर क्षेत्र में ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरे बैग की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को प्रार्थी अरूणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। सुबह करीब 11:30 बजे वे स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी में बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग उठाकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण थे। मामले में थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।



500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्धों द्वारा बैग लेकर फरार होने की जानकारी सामने आई। पुलिस टीम ने आरोपियों के रूट को सीसीटीवी के माध्यम से फॉलो किया।

जांच के दौरान सरगुजा के ग्राम गेरसा से लेकर जशपुर जिले के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार तथा झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य संभावित स्थानों के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान की गई।

ओडिशा पहुंची पुलिस टीम, 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस के मुताबिक संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई।

आरोपियों की तलाश में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम को ओडिशा भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त 2026 की रात अपने घर आया था। सूचना के आधार पर सरगुजा पुलिस और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम उसके घर पहुंची। घर पर ताला लगा हुआ था। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन घर के अंदर छिपाकर रखे गए चोरी के जेवर बरामद हुए।

46 लाख के जेवर बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 43 लाख रुपये, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किए। इस प्रकार कुल करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्य संदिग्ध चांटी दास और नागेश्वर राव समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले के खुलासे में साइबर सेल अंबिकापुर से प्रभारी साइबर सेल सउनि अजीत मिश्रा, प्र.आर. भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अशोक यादव, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

थाना सीतापुर से थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उनि अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा तथा आरक्षक राकेश यादव और महेन्द्र नाग शामिल रहे। थाना मणीपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू और कुशकुमार सोनी ने भी सहयोग किया।

ओडिशा पुलिस की ओर से एसडीओपी आश्का सौरव रंजन प्रधान, थाना प्रभारी/निरीक्षक आश्का सुधीर कुमार, निरीक्षक दीप्ती रंजन बेहरा, प्र.आर. पंचानन तथा आरक्षक मनोज कुमार, बरूण कुमार और हेमंत कुमार सहित पुलिस टीम का सहयोग सराहनीय रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने