अंबिकापुर, सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सपड़ा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपने ही माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को बोरियों में पैक कर ठिकाने लगाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही घटना का खुलासा हो गया।
मृतकों की पहचान हीराधार यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने पर दंपति का दूसरा बेटा मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।
इसके बाद दूसरे बेटे ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या में कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटना के पीछे क्या कारण था, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





_pages-to-jpg-0001.jpg)