चरित्र शंका में पत्नी समेत दो की फावड़े से हत्या, कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

चरित्र शंका में पत्नी समेत दो की फावड़े से हत्या, कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

सरगुजा। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर विवाद के बाद अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से गंभीर वार कर दोनों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे ग्राम बिसरपानी दारापारा में सोमारू मझवार के घर मृतक बेंजे बड़ा (35), मृतिका नईहारो मझवार (32) और उसके पति बाबुलाल मझवार (35) शराब के नशे में पहुंचे थे। तीनों आग ताप रहे थे। कुछ समय बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते आपस में मारपीट होने लगी। विवाद बढ़ता देख सोमारू मझवार दूसरे घर में चला गया।

अगली सुबह जब सोमारू वापस पहुंचा तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार मृत अवस्था में पड़े मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे तथा वे खून से लथपथ थे। वहीं मृतिका का पति बाबुलाल मझवार मौके से फरार था।

जांच के दौरान पुलिस ने वारिसान, सूचक और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बाबुलाल मझवार के खिलाफ थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 63/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी तथा एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में कमलेश्वरपुर पुलिस टीम ने जांच तेज की। पुलिस ने आरोपी बाबुलाल मझवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी बाबुलाल मझवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस टीम रही सक्रिय

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ राम, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा तथा आरक्षक विकास मिश्रा, अशोक यादव, अर्जुन पैकरा और बरन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने