राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, टी.एस. सिंहदेव रहे मौजूद

राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, टी.एस. सिंहदेव रहे मौजूद


अंबिकापुर। राजमाता स्वर्गीय श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा राजीव भवन, अंबिकापुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके ज्येष्ठ पुत्र, छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा राजपरिवार के सदस्य टी. एस. सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजमाता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राजनीतिक, सामाजिक एवं जनसेवा के योगदान को याद किया गया।

राजमाता स्व. श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का जन्म 13 जुलाई 1933 को हिमाचल प्रदेश के जुब्बल राजपरिवार में हुआ था। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं सरगुजा महाराज स्व. एम.एस. सिंहदेव से विवाह के बाद वे सरगुजा आईं और यहीं से उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन तथा राजनीतिक सफर की शुरुआत की।

वे कांग्रेस की वरिष्ठ राष्ट्रीय नेत्री रहीं और अंबिकापुर तथा बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्रों से विधायक चुनी गईं। अविभाजित मध्यप्रदेश में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाशचंद्र सेठी एवं अर्जुन सिंह के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में आवास, पर्यावरण, मध्यम सिंचाई तथा वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाई।

राजमाता ने सरगुजा जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी, तब उन्होंने पूरे सरगुजा क्षेत्र का व्यापक दौरा कर संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाया। वे सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं और संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पहले प्रतीक्षा बस स्टैंड चौक स्थित महाराज स्व. एम.एस. सिंहदेव एवं राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रेमसाय सिंह, जे.पी. श्रीवास्तव, शफी अहमद, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, फूलसाय लकड़ा, संजय सिंह, अनूप मेहता, लोकेश कुमार, आलोक सिंह, मेराज रंगरेज, जीवन यादव, विनोद एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, बालकेश्वर तिर्की, कलीम अंसारी, आशीष जायसवाल, सरिता महंत, अविनाश कुमार, काजू खान, निखिल विश्वकर्मा, आलोक गुप्ता, रोशन कन्नौजिया, अंकित जायसवाल, वसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने