अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर में आवारा सांडों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। शहर के भाथूपारा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद शहर में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है। नागरिकों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की पहचान बीबी बाई, पति स्वर्गीय गग्गु राम, निवासी भाथूपारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सांडों के झुंड ने उन पर हमला कर उन्हें पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। पहले उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर की सड़कों पर लंबे समय से आवारा सांड और अन्य मवेशी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं और हमलों का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
इस घटना के बाद अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने पशुपालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपने पशुओं को घरों या सुरक्षित स्थानों पर रखें। यदि कोई पशुपालक अपने मवेशियों को सड़क पर आवारा छोड़ता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।