धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरगुजा कांग्रेस की विजय रैली, आतिशबाजी कर मनाया जश्न

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरगुजा कांग्रेस की विजय रैली, आतिशबाजी कर मनाया जश्न

अंबिकापुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को अंबिकापुर में विजय रैली निकालकर जश्न मनाया। राजीव भवन से संगम चौक तक निकाली गई रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आए पेपर लीक के मामलों और छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस लंबे समय से आंदोलन कर रही थी। पार्टी का कहना है कि छात्रों और युवाओं के दबाव के चलते सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि देशभर में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्र, अभिभावक और आम नागरिक आक्रोशित थे। उनका आरोप है कि आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन अंततः सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पहले ही निर्णय लेती तो उसकी प्रतिष्ठा बच सकती थी।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन आज एक प्रतीकात्मक सफलता तक पहुंचा है। हालांकि उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता अभी भी बनी हुई है।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि छात्रों की एकजुटता ने देश में ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छात्र एकता को सलाम किया।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस युवाओं के हित में अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकार का यह फैसला दबाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केवल इस्तीफे से शिक्षा व्यवस्था में छात्रों का भरोसा पूरी तरह बहाल नहीं होगा, इसके लिए ठोस सुधारात्मक कदम उठाने होंगे।

विजय रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने