लखनपुर, आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आज साक्षरता अभियान के तहत महापरीक्षा का आयोजन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर श्री देव कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में गांव के महिला, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साक्षरता अभियान के अंतर्गत आयोजित महापरीक्षा को ग्रामीणों ने एक उत्सव और त्योहार के रूप में मनाया। परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षार्थियों को स्वयंसेवक सर्वेयरों द्वारा पीला चावल देकर आमंत्रित किया गया था। परीक्षा केंद्रों पर शिक्षार्थियों का चंदन तिलक एवं फूल-माला से स्वागत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
लखनपुर विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री अरविंद गुप्ता ने भी ग्रामवासियों एवं शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा साक्षरता अभियान में उनकी सहभागिता की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लखनपुर एबीईओ श्री आलोक सिंह, बीआरसी श्री दीपेश पाण्डेय, समस्त संकुल समन्वयक, ग्राम प्रभारी, मूल्यांकन केंद्र प्रभारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महापरीक्षा में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने साक्षरता अभियान के प्रति उनके उत्साह और जागरूकता को प्रदर्शित किया।
