अंबिकापुर नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक निगम कार्यालय में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास से जुड़े 14 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें यातायात व्यवस्था, पेंशन योजनाएं, सार्वजनिक सुविधाएं, निगम संपत्तियों का प्रबंधन तथा आवारा मवेशियों के पुनर्वास जैसे विषय प्रमुख रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से तीन नए प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन एवं विधवा पेंशन तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के लंबित आवेदनों के निराकरण पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
निगम की दुकानों के नामांतरण, दुकानों के ऊपर प्रथम तल निर्माण की अनुमति तथा नामांतरण शुल्क निर्धारण से जुड़े प्रस्तावों को भी बैठक में मंजूरी दी गई। वहीं, निगम क्षेत्र में आवारा मवेशियों के पुनर्वास, सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन, वॉल राइटिंग विज्ञापनों के शुल्क निर्धारण और अहाता निर्माण की अनुमति जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में नगर की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को ध्यान में रखते हुए कबीर वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम "बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन" तथा रामानुज वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम "महारानी अहिल्याबाई होल्कर सामुदायिक भवन" रखने के प्रस्ताव पर भी सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। निगम प्रशासन का कहना है कि इन निर्णयों से शहर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।