अम्बिकापुर, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सरगुजा प्रवास के दौरान अम्बिकापुर में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं का अनावरण कर स्वतंत्रता सेनानियों और जननेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सबसे पहले मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी चौक पर अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आजाद का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति की अद्वितीय मिसाल है। उनका बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद के आदर्श आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके जीवन से कर्तव्यनिष्ठा तथा समर्पण का संदेश मिलता है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक में भटगांव विधानसभा के पूर्व विधायक रविशंकर त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित रविशंकर त्रिपाठी एक प्रेरणास्रोत थे, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर योगदान दिया। उनकी प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके कर्मठ जीवन और जिंदादिली की याद दिलाती रहेगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चन्देल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी राजेश अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा।
Tags
अम्बिकापुर