अम्बिकापुर, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन सशक्तिकरण केंद्र के समन्वय से दिशा दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिले की स्व-सहायता समूहों की 80 महिलाओं का दल झारखंड के गुमला जिले के विशुनपुर स्थित विकास भारतीय संस्थान के लिए रवाना हुआ।
कलेक्ट्रेट परिसर से नगर निगम सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी ने बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस तरह के एक्सपोजर विजिट से महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और वे अपने आजीविका कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकती हैं। अन्य क्षेत्रों में हो रहे सफल प्रयासों को देखकर महिलाएं अपने गांव और ब्लॉक स्तर पर भी नवाचार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी।
उद्यमिता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान
जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक गतिविधियों से आगे बढ़ाकर व्यावसायिक कार्यों से जोड़ना है।
गुमला प्रवास के दौरान महिलाएं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पादों जैसे अचार, पापड़, मसाला और दाल बड़ी के उच्च गुणवत्ता निर्माण की तकनीक सीखेंगी। इसके अलावा नवाचार के तहत मुखवास (माउथ फ्रेशनर), मोदक और विभिन्न प्रकार के लड्डू बनाने का प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगी।
महिलाओं में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और सुपरवाइजर उपस्थित रहे। भ्रमण पर जा रही महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। उनका कहना है कि वे नए कौशल सीखकर लौटेंगी और अपने समूहों के माध्यम से बड़े स्तर पर उत्पादन कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ करेंगी।