अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा अंबिकापुर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने हज यात्रा पर जा रहे सभी जायरीनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और मंगलमय सफर की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि हज यात्रा इस्लाम धर्म के अनुयायियों के लिए अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण है। यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान और सहयोग की भावना के साथ कार्य कर रही है।
मंत्री ने हज यात्रियों से अपील की कि वे इस पवित्र यात्रा के दौरान देश और प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए दुआ करें। साथ ही, उन्होंने हज कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, हज कमेटी के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हज यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा यात्रा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। सभी ने मिलकर हज यात्रियों को भावभीनी विदाई दी।