
अम्बिकापुर, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ आम नागरिकों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। जिले के भगवानपुर निवासी संतोष सरकार ने इस योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित कर न केवल अपना बिजली बिल शून्य कर लिया है, बल्कि अब वे अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देकर ‘ऊर्जादाता’ की भूमिका निभा रहे हैं।
भारी बिजली बिल से मिली राहत
संतोष सरकार ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपये तक का बिजली बिल देना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर दबाव पड़ता था। योजना का लाभ मिलने के बाद अब उन्हें बिजली बिल के रूप में कोई भुगतान नहीं करना पड़ रहा है।
₹1.08 लाख की सब्सिडी से आसान हुआ सोलर इंस्टॉलेशन
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी से सोलर सिस्टम लगवाना काफी सुलभ हो गया है। इस योजना के तहत उन्हें कुल ₹1,08,000 की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिसमें केंद्र सरकार से ₹78,000 की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है।
राज्य सरकार की ₹30,000 की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रक्रिया के अंतिम चरण में है।
सरकार के प्रति जताया आभार
सोलर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनने पर संतोष सरकार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नरेंद्र मोदी और विष्णु देव साय का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक सहायता से सोलर पैनल लगाना आसान हुआ है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बिजली बिल से राहत पाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दें।
Tags
अम्बिकापुर