अंबिकापुर। ताइक्वांडो क्लब पुलिस लाइन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय एडवांस ताइक्वांडो ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफल आयोजन 13, 14 एवं 15 मार्च को स्थानीय राजमोहिनी देवी सामुदायिक भवन में किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मरक्षा के विभिन्न कौशल सीखे।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सिंह सिसोदिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विनोद हर्ष, मनोज गुप्ता, विकास पांडे, जन्मेजय मिश्रा एवं रूपेश दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समापन समारोह में हरमिंदर सिंह टिन्नी मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ विजय अग्रवाल, देवेश वर्मा, रविन्द्र गुप्त भारती, अनीता रविन्द्र भारती तथा मनीषा सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रशिक्षण सत्र में विदिशा से आए नेशनल रेफरी ध्रुव लोधी तथा कोरबा की प्रशिक्षक नेहा साहू ने प्रतिभागियों को ताइक्वांडो की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। शिविर में अंबिकापुर के स्थानीय बच्चों के साथ एकलव्य आवासीय विद्यालय कन्या परिसर, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय अंबिकापुर एवं उदयपुर की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 169 पंजीकृत बच्चों ने प्रशिक्षण का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा अंत में कलाकारों द्वारा मनोरंजन सत्र आयोजित कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
अपने संबोधन में भारत सिंह सिसोदिया ने ताइक्वांडो को आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को यह कला सीखनी चाहिए। वहीं हरमिंदर सिंह टिन्नी ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ताइक्वांडो क्लब के संरक्षक संतोष दास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अनिल द्विवेदी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक राधेश्याम मानिकपुरी, श्रवण पांडे, फरीद बेक, लीला आगरे, प्रिया सिंह, जयेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।