हाथों से उखड़ रही नई सड़क: मैनपाट क्षेत्र में निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

हाथों से उखड़ रही नई सड़क: मैनपाट क्षेत्र में निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

सरगुजा/  सरगुजा जिले में ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ निर्माण के दावे उस समय कटघरे में आ गए, जब मैनपाट क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने हकीकत उजागर कर दी। नई बनी डामरीकृत सड़क की परत ग्रामीणों द्वारा हाथों से ही उखाड़ी जा रही है, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सीधे सवाल खड़े करती है।

जानकारी के अनुसार यह सड़क कुनिया-मूसाखोल-मड़वासरई से सेदम को जोड़ने के लिए बनाई जा रही है। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि सड़क की ऊपरी परत बेहद कमजोर है और बिना किसी विशेष प्रयास के निकल रही है। कई जगहों पर तो लंबी परतें भी आसानी से अलग हो रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में प्रारंभिक स्तर से ही गंभीर लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि सड़क के बेस को मजबूत करने के लिए जरूरी जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) कार्य या तो ठीक से नहीं किया गया या फिर उसे नजरअंदाज कर दिया गया। तकनीकी मानकों के विपरीत सीधे डामर बिछाने के कारण सड़क टिकाऊ नहीं बन पाई।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान न तो गुणवत्ता की नियमित जांच हुई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर निरीक्षण किया। ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में काम पूरा करने के प्रयास में मानकों की अनदेखी की गई, जिसका खामियाजा अब सामने आ रहा है।

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सड़क का निर्माण किस योजना के तहत किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा स्थिति निर्माण में अनियमितताओं की ओर इशारा करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यही स्थिति रही तो बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे आवागमन बाधित होगा और सरकारी संसाधनों की बर्बादी भी होगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने