अंबिकापुर। शहर के संजय पार्क से एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला सामने आया है। पार्क परिसर में आवारा कुत्तों के हमले के कारण 15 हिरणों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना ने वन विभाग और पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए अभिषेक जोगावत (DFO) ने साफ तौर पर माना कि यह घटना पार्क प्रबंधन और वन विभाग की लापरवाही का परिणाम है।
जानकारी के अनुसार, संजय पार्क में बने बाड़े में घुसकर 4 से 5 आवारा कुत्तों ने हिरणों पर हमला कर दिया, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई। घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि 14 हिरणों के शव को पार्क के पीछे जंगल में चुपचाप जला दिया गया, जबकि एक हिरण का शव अब भी बाड़े में पड़ा हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए DFO अभिषेक जोगावत ने SDO के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह 2 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
घटना की जानकारी मिलते ही DFO सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस घटना ने न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया है कि संजय पार्क में सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी है।