मांड और मैनी नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 22 वाहन जब्त

मांड और मैनी नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 22 वाहन जब्त

अम्बिकापुर, कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मांड और मैनी नदी क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही की है।

समाचार पत्र में प्रकाशित “मांड व मैनी नदी का सीना छलनी, खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन” शीर्षक खबर पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए 24 मार्च को सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बतौली और सीतापुर क्षेत्र के ग्राम केसला, भिठुआ, राधापुर, मंगरैलगढ़, नवाटोली, काराबेल और प्रतापगढ़ में छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान कुल 22 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 14 ट्रैक्टर और 1 हाईवा शामिल हैं, जबकि गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में लगे 6 हाईवा और 1 टीपर को भी पकड़ा गया। सभी जब्त वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर सीतापुर, बतौली और रघुनाथपुर थानों की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी अर्थदंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।

इस कार्रवाई में खनिज विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से काम किया, जिसमें क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने