अम्बिकापुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के भूमिहीन कृषि मजदूरों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बलौदाबाजार से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत सरगुजा जिले के हजारों श्रमिकों के बैंक खातों में सीधे राशि अंतरित की।
इस योजना के अंतर्गत सरगुजा जिले के कुल 3,158 हितग्राहियों के खातों में 3 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपए की सहायता राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जमा की गई।
परिश्रम का सम्मान, श्रमिकों का सशक्तीकरण
राज्य शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, जिनकी आजीविका मुख्यतः श्रम पर निर्भर है। “परिश्रम का सम्मान, श्रमिकों का कल्याण और भूमिहीनों का सशक्तीकरण” के संकल्प के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है।
जिलेवार लाभ का विवरण
जिले के विभिन्न तहसीलों में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिला। इनमें 2,893 ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में राशि भेजी गई, जबकि नगर पंचायत लखनपुर और सीतापुर के 265 पात्र श्रमिक भी लाभान्वित हुए।
सीतापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के हजारों श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है। यह आर्थिक सहायता न केवल दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।
जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए पात्र हितग्राहियों का चयन सुनिश्चित किया गया, जिससे योजना का लाभ सही व्यक्तियों तक पहुंच सके।
Tags
अम्बिकापुर