जल जीवन मिशन का लाभ नहीं मिल पा रहा, लुंड्रा क्षेत्र के ग्रामीण पीने के पानी के लिए परेशान

जल जीवन मिशन का लाभ नहीं मिल पा रहा, लुंड्रा क्षेत्र के ग्रामीण पीने के पानी के लिए परेशान

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामीण आज भी पीने के पानी के लिए परेशान हैं। जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से टंकियां बनाई गईं और घर-घर नल कनेक्शन दिए गए, लेकिन पानी की सप्लाई न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

टंकियां बनीं, लेकिन पानी नहीं

ग्राम पंचायत कोरीमा और ग्राम पंचायत चौड़या के ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बड़ी टंकियां निर्मित की गईं और नल कनेक्शन भी दिए गए, लेकिन पानी सप्लाई न होने के कारण वे टंकियां खराब पड़ी हैं। ग्रामीण आज भी पीने, नहाने और धोने के लिए तालाब के पानी पर निर्भर हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के बड़े दावों के बीच उन्हें नल की टोटी में पानी निकलने का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उनकी दैनिक जीवन में गंभीर परेशानी बढ़ गई है।

अधिकारियों की उदासीनता पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से बात करने पर जल्द निपटान की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। उनका आरोप है कि अधिकारी-कर्मचारियों की उदासीनता के कारण जल जीवन मिशन का उद्देश्य धरातल पर पूरी तरह साकार नहीं हो पा रहा है।

ग्राम पंचायत चौड़या निवासी त्रिवेणी यादव ने समस्या का विवरण दिया है। अब ग्रामीणों की मांग है कि जल संसाधन विभाग तत्काल पानी की सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करे, ताकि जल जीवन मिशन का लाभ वास्तव में ग्रामीणों तक पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने